पतरातू (रामगढ़): तालाटांड़ पंचायत अंतर्गत उच्चरिंगा में सोमवार को कुर्मी विकास परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष भुवनेश्वर महतो ने की, जबकि संचालन कामेश्वर महतो एवं मुखिया किशोर कुमार महतो ने संयुक्त रूप से किया।

बैठक में समाज की एकता, शिक्षा, विकास और सामाजिक उत्थान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के वरिष्ठजनों मोहन नाथ महतो, वकील महतो, धर्मनाथ महतो एवं प्रयाग महतो को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करने के साथ हुई।

अवसर पर कुर्मी विकास परिषद के पूर्व सचिव मोहन नाथ महतो ने कहा कि समाज की एकता और आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत है। कुर्मी समाज मेहनत, ईमानदारी और सामाजिक सेवा के लिए जाना जाता है, लेकिन बदलते समय के साथ अपनी ताकत को संगठित कर शिक्षा और विकास पर विशेष ध्यान देना होगा।

उन्होंने कहा कि समाजहित के कार्यों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए ट्रस्ट का गठन किया जाना चाहिए। साथ ही उच्चरिंगा में कुर्मी समाज की जमीन पर एक भव्य कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जाए, जहां समाज के कार्यक्रमों के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

परिषद के कोषाध्यक्ष वकील महतो ने कहा कि शिक्षित समाज ही मजबूत समाज की नींव है। युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार, कौशल विकास और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए समाज के लोगों से आगे आने की अपील की।

मौके पर गंगाधर महतो, प्रयाग महतो, धर्मनाथ महतो, दिनेश महतो, द्वारका महतो, सुरेश महतो, गिरीशंकर महतो, गोपाल महतो, धनेश्वर महतो, रामेश्वर महतो, कैलाश महतो, मोहित महतो, जलेश्वर महतो, कोलेश्वर महतो, टिकेश्वर महतो, लक्ष्मीकांत महतो, अशोक महतो, आनंद महतो समेत समाज के कई लोग मौजूद थे।