रांची: राजधानी रांची में एक डॉक्टर से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में अरगोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार फोन के जरिए डॉक्टर पर रकम देने का दबाव बना रहा था और मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार दास (46) के रूप में हुई है। जो मूल रूप से लोहरदगा का रहनेवाला है और रांची में आईटीआई बस स्टैंड के निकट किराए के मकान में रहता है। 

मिली जानकारी के अनुसार अशोक नगर रोड नंबर-4 निवासी 68 वर्षीय डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से जुड़ा है। डॉक्टर की शिकायत के मुताबिक, 29 जुलाई से एक मोबाइल नंबर के जरिए लगातार संपर्क कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। फोन करने वाले ने रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।

लगातार मिल रही धमकियों के बाद डॉक्टर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबर की पड़ताल के आधार पर उस व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया, जो कथित तौर पर रंगदारी मांगने के लिए नंबर का इस्तेमाल कर रहा था।

जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता के रूप में दीपक कुमार दास की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई। कार्रवाई करते हुए आरोपी को आईटीआई रोड बस स्टैंड के समीप स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया गया तलाशी के दौरान उसके पास से उक्त सिम कार्ड भी बरामद किया गया है। जिसके माध्यम से रंगदारी मांगी जा रही थी।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि रंगदारी मांगने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था और इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया नीरज कुमार, अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई और पुलिस अवर निरीक्षक सत्यम कुमार सदलबल शामिल थे।

By Admin

error: Content is protected !!