एमएमडीआर संशोधन विधेयक और अयोध्या मंदिर चंदे की निष्पक्ष जांच की मांग
रांची: युवा कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से रैली की शक्ल में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और धरना दिया। इसके उपरांत राष्ट्रपति के नाम रांची उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के प्रावधानों की समीक्षा कर राज्यों के वित्तीय अधिकारों की सुरक्षा और अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चंदे के मामले में स्वतंत्र जांच की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दोनों मामले प्रकृति में अलग हैं, लेकिन पारदर्शिता, जवाबदेही और संवैधानिक अधिकारों से सीधे जुड़े हैं।
खनिज संपदा पर राज्यों के अधिकार का मुद्दा
ज्ञापन में कहा गया कि झारखंड जैसे खनिज बहुल राज्यों के लिए खनन राजस्व अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जिसका उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे के लिए होता है। नए कानून के कुछ प्रावधान राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिज-युक्त भूमि पर कर, सेस या अन्य लेवी लगाने की क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं, जो वित्तीय स्वायत्तता और सहकारी संघवाद के लिए चिंताजनक है। मांग की गई कि उन प्रावधानों की संवैधानिक समीक्षा कराई जाए जिनसे राज्यों के कराधिकार प्रभावित होते हैं, खनिज राजस्व में खनन प्रभावित राज्यों और स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता दी जाए और इस विषय पर केंद्र-राज्यों के बीच व्यापक परामर्श हो।
अयोध्या मंदिर चंदा मामले पर पारदर्शिता की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ सहयोग दिया है, इसलिए चंदे के संग्रह, बैंक खातों, खर्च, संपत्ति खरीद और भुगतान के रिकॉर्ड में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। स्वतंत्र और निष्पक्ष वित्तीय ऑडिट कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर कानून सम्मत कार्रवाई की मांग की गई। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह मांग धार्मिक आस्था के विरोध में नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा के लिए है।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, कांके विधायक सुरेश बैठा, कांग्रेसी नेता अजय नाथ शाहदेव, रांची जिला ग्रामीण अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा, रांची जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, बरियातू प्रखंड अध्यक्ष वारिस अंसारी, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवटहल नायक और युवा कांग्रेस नेता अक्षय मौजूद रहे।
