रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र के पोटमदगा के निकट सोमवार को ट्रैक्टर की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुलमी निवासी मुकुंद महतो पिता बाला महतो के रूप में हुई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार दुलमी प्रखंड के भालूटूंगरी में टुसू मेला विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां से वापस लौटने के क्रम में जुलूस में शामिल साउंड सिस्टम लदे ट्रैक्टर ने पलका होटल के निकट मोड़ पर मुकुंद महतो को चपेट में ले लिया।
आननफानन में स्थानीय लोगों ने उसे गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंंद्र ले गये। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया।
