मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आगंतुकों का जताया आभार
रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता दिवंगत स्वर्गीय रूपी सोरेन का संस्कार भोज रविवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में संपन्न हुआ। स्वर्गीय रूपी को श्रद्धांजलि देने के लिए सुबह से ही लोग नेमरा पहुंचने लगे। संस्कार भोज में शामिल होने के लिए देश और प्रदेश के कोने-कोने से जनप्रतिनिधियों गणमान्य लोगों सहित अन्य आगंतुकों का तांता लगा रहा। उनके साथ ही बड़ी संख्या में आम लोग स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने सोरेन परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
सजग मेजबान की भूमिका में दिखे मुख्यमंत्री
दुख की इस घड़ी में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक सजग और संवेदनशील मेजबान की भूमिका में नजर आए। उन्होंने संस्कार भोज स्थल की सभी व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी की। पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, भोजन और पार्किंग की जानकारी वे खुद लेते रहे।मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचे आगंतुकों से मुलाकात की और दुख की घड़ी में नेमरा पहुंचने के लिए आभार प्रकट किया।
पुलिस-प्रशासन की रही चाक-चौबंद व्यवस्था
संस्कार भोज में वीवीआईपी-वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर रामगढ़ जिला प्रशासन और पुलिस की पुख्ता तैयारी रही। नेमरा गांव सहित आसपास जगह-जगह पुलिस बल के जवान तैनात रहे। वहीं यातायात को सुचारू रखने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग और डायवर्जन किया गया था। वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए थे। श्रद्धालुओं के बैठने और भोजन के लिए अलग-अलग पंडालों की व्यवस्था रही।
सीएम ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री और सोरेन परिवार की ओर से इस कठिन समय में संबल प्रदान करने वाले सभी नागरिकों, शुभचिंतकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस जवानों के प्रति आभार प्रकट किया गया।
| राज्यपाल ने दिवंगत रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि
सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार को नेमरा पहुंचे। जहां उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अत्यंत दु:खद क्षण में राज्यपाल ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और समस्त शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उनके प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। |
| बाबा रामदेव ने भी पहुंचे नेमरा, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
प्रसिद्ध योग गुरु स्वामी रामदेव रविवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। जहां वे मुख्यमंत्री की माता दिवंगत रूपी सोरेन के संस्कार भोज में सम्मिलित हुए। इससे पूर्व उन्होंने स्वर्गीय रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। स्वामी रामदेव ने मुख्यमंत्री और उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।मुख्यमंत्री और उनके परिजनों ने स्वामी रामदेव के आगमन और उनकी संवेदनाओं के प्रति आभार प्रकट किया। |




