रामगढ़: सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरी चिट्ठी मिलने पर बुधवार को रामगढ़ पुलिस ने पूरे न्यायालय परिसर में सघन छानबीन की। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड टीम की मदद कोर्ट सहित पार्किंग एरिया में जांच-पड़ताल की। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार का आपत्तिजनक अथवा संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरी चिट्ठी डाक के माध्यम से मिली थी। इसकी जानकारी पर पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ आलोक रंजन के नेतृत्व में पुलिस ने कोर्ट परिसर सहित आसपास जांच-पड़ताल की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी बढ़ा दी गई है।
इस दौरान एसडीपीओ आलोक रंजन ने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति एक व्यक्ति के नाम से रंजिशन चिट्ठी के माध्यम से सूचना दी गई है। हालांकि सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोर्ट परिसर की पूरी तरह से छानबीन की गई है। किसी प्रकार की कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई है। वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष सतर्कता बरते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
