एयरपोर्ट से राजभवन तक कई जगह हुआ प्रधानमंत्री का स्वागत, उमड़ी भीड़

रांची: मोदी-मोदी के नारे और फूलों की वर्षा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शानदार स्वागत! मंगलवार की रात राजधानी में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक जगह-जगह यह नजारा देखा गया।

प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे पर मंगलवार की रात तकरीबन 09:30 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। जहां झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुके देकर उनका अभिवादन किया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में भाजपा के वरीय नेताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री का काफिला राजभवन की ओर चला। पूर्व निर्धारित रूट पर जगह-जगह प्रदेश भाजपा के  नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जमकर मोदी-मोदी के नारे लगे और प्रधानमंत्री के काफिले पर फूलों की वर्षा की गई। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाबल के जवान मुस्तैद रहे।

बताते चलें कि 15 नवंबर को प्रधानमंत्री बिरसा मुंडा की जयंती पर उलिहातू जाएंगे। जहां भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर श्रद्धांजलि देने के साथ ही वे जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री के झारखंड आगमन को लेकर भाजपा के नेता-कार्यकर्ता खासे उत्साहित हैं।

By Admin

error: Content is protected !!