गढ़वा: जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। मेराल और मझिआंव थाना पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कुल 460 किलोग्राम जावा महुआ और 20 लीटर देशी महुआ शराब बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को मेराल थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी के नेतृत्व में ग्राम दुलदुलवा के जंगल में छापेमारी अभियान चलाया गया। जहां 400 किलो जावा महुआ और 20 लीटर देशी महुआ शराब बरामद किया गया। वहीं मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में ग्राम बिड़ंडा में छापेमारी की गई। जहां 60 किलो जावा महुआ बरामद‌ किया गया। पुलिस ने बरामद सामग्री को मौके पर ही शराब बनाने की भट्ठी और अन्य निर्माण सामग्री के साथ विनष्ट कर दिया।

गढ़वा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।