रामगढ़: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में उपायुक्त ने आम लोगों से बारी-बारी मुलाकात कर उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, रोजगार, जाति प्रमाण पत्र, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज एवं दखल-दिहानी, मुआवजा, नाली निर्माण सहित अन्य जन समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की निष्पक्ष और गंभीरतापूर्वक जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभागीय पदाधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

