भुरकुंडा (रामगढ़): ओपी क्षेत्र अंतर्गत सौंदा ‘डी’ शनिचर बाजार के निकट शुक्रवार को दो बाइक के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार एक युवक और बच्ची घायल हो गए। जबकि दूसरे बाइक पर सवार युवक को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए भुरकुंडा अस्पताल लाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार भुरकुंडा पानी टंकी निवासी माणिक कुमार बाइक (JH 24H 6888) पर अपनी चचेरी बहन और उसके दो बच्चों के साथ सरैया टोला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सौंदा ‘डी’ में शनिचर बाजार के समीप भुरकुंडा निवासी इकबाल अंसारी की बाइक (JH 02U 2751) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
दुर्घटना में माणिक कुमार और तीन साल की बच्ची घायल हो गए, जबकि इकबाल अंसारी को हल्की-फुल्की चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल भुरकुंडा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। वहीं घायल बच्ची को एक्स-रे जांच के लिए स्थानीय क्लीनिक भेज दिया गया।

