नशे में वाहन चलानेवालों पर करें कड़ी कार्रवाई: उपायुक्त
रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक हुई। जिसमें पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत मौजूद रहे। बैठक में सर्वप्रथम स्थापना उप समाहर्ता सह प्रभारी सामान्य शाखा पदाधिकारी रीना कुजूर के द्वारा नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में किए गए कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत जिले में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही उनके द्वारा अलग-अलग विभागों द्वारा इस संबंध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने और नशे की हालत में वाहन चलाने वाले लोगों के विरुद्ध जांच अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने पूरे जिले में योजनाबद्ध तरीके से दवा दुकानों आदि में सघन जांच अभियान चलाने और नशे के लिए उपयोग की जानेवाली दवाओं को लेकर विशेष निगरानी रखने की हिदायत दी। उन्होंने ऐसी दवाओं की बिक्री स्टॉक आदि से संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से ससमय जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं रामगढ़ जिला अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्रों में रात्रि के समय असामाजिक तत्वों, युवाओं आदि द्वारा नशे का प्रयोग करने पर विशेष संज्ञान लेते हुए बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने आवश्यकता अनुसार वैसे सभी सार्वजनिक स्थलों अन्य स्थलों पर निगरानी, पर्याप्त लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने रामगढ़ जिले को नशा मुक्त बनाने एवं युवाओं को नशे से बचाने को लेकर सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने इसके लिए गंभीरता पूर्वक कार्य करने, रोस्टर तैयार करने तथा रोस्टर के आधार पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों के 100 मीटर परिधि में नशीली पदार्थों के विरुद्ध व्यापक जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
