रामगढ़ जिला कांंग्रेस कमेटी ने प्रेसवार्ता का किया आयोजन
रामगढ़: जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मिलन होटल के सभागार में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ज्योति सिंह, प्रदेश महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्ह, प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजीनी, प्रदेश प्रवक्ता रियाज अंसारी, प्रदेश महासचिव बलजीत सिंह बेदी, पूर्व विधायक ममता देवी, रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी बजरंग महतो, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुन्ना पासवान, जिला प्रवक्ता मुकेश यादव मौजूद रहे।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता ज्योति सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में हमारे देशवासियों, हमारे लोकतंत्र और हमारे संविधान को गंभीर चोट पहुंचाई है। बेतहाशा बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को चकनाचूर कर दिया है। कमरतोड़ महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमाई को नष्ट कर दिया है। मुट्ठी भर धन-कुबेर वर्तमान व्यवस्था पर शासन कर रहे हैं। चुनी हुई सरकारों की अवैध रूप से उखाड़ फेंकने के लिए विपक्ष के खिलाफ ईडी, सीबीआई, आईटी का इस्तेमाल सामान्य बात हो गयी है।
उन्होंने कहा कि बेरोज़गारी दर 45 वर्ष में सबसे अधिक है। तीन में से एक ग्रेजुएट नौकरी की तलाश में है, लेकिन नौकरी नहीं मिल रही है। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, सीएनजी, आटा, दाल, चावल, खाना पकाने का तेल, दूध सब कुछ महंगा हो गया है। आवशयक वस्तुओं पर GST लगाया गया। घरेलू बचत 50 साल के निचले स्तर पर है। मोदी सरकार के काले कानूनों ने किसानों को एक साल तक धरने पर बैठने को मजबूर किया, 750 किसान हुए शहीद। 2013 के बाद से दलितों के खिलाफ अपराध में 46.11% की वृद्धि हुई है। (NCRB) 2013 के बाद से आदिवासियों के खिलाफ अपराध में 48.15% की वृद्धि हुई है।
कहा कि भारत में सबसे अमीर एक प्रतिशत लोगों के पास अब देश की कुल संपति का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा है, जबकि निचली आधी आबादी के पास कुल मिलाकर केवल 3 प्रतिशत संपत्ति है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और मणिपुर में विपक्ष के नेतृत्व वाली राज्य सरकारें तब गिर गई जब भाजपा ने विधायकों को पाला बदलने के लिए उकसाने के लिए जबरदस्त धनबल और ईडी और सीबीआई द्वारा जांच की धमकियां दी। 2014 के बाद से ईडी और सीबीआई की 95% जांच विपक्षी राजनेताओं के खिलाफ हुई है।
ज्योति सिंह ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के लोग नहीं चाहते कि भारत के लोग वास्तविकता देखे। लेकिन भारत को अब एहसास हो गया है। भारत लड़ेगा न्याय का हक मिलने तक हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के माध्यम से आगामी 2024 चुनावों में एक साथ मिलकर इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।