उपद्रव से निबटने के लिए जवानों ने कसी कमर
रामगढ़: आगामी बकरीद पर्व के मद्देनजर रामगढ़ पुलिस पूरी तरह से सजग और सतर्क दिख रही है। पर्व के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और विधि-व्यवस्था के संधारण को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में बकरीद को लेकर बुधवार को रामगढ़ जिला अंतर्गत सभी थाना और ओपी पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च किया और लोगों शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च में थाना/ओपी प्रभारी और पुलिस कर्मी शामिल रहे।

रामगढ़ पुलिस केंद्र में की गई ब्रीफिंग
पुलिस केंद्र रामगढ़ में आगामी बकरीद के मद्देनजर किसी प्रकार के आकस्मिक स्थिति और उपद्रव से निबटने के लिए ब्रीफिंग की गई। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु क्विक रिस्पांस टीम को ब्रीफ किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बहराल, जहां आम लोगों से लगातार शांतिपूर्ण माहौल में भाईचारे के साथ बकरीद मनाने की अपील की जा रही है, वहीं किसी भी प्रकार के उपद्रव से निबटने के लिए भी पुलिस कमर कस चुकी है।

पुलिस कप्तान ने आम जनता से की अपील
जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शांति और भाईचारे के साथ बकरीद मनाने की अपील की है। वहीं उन्होंने निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक, अपुष्ट, गलत सूचना और आपत्तिजनक टेक्स्ट, फोटो अथवा वीडियो पोस्ट करने से बचें और किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी प्रकार की घटना और संदिग्ध गतिविधि की सूचना अविलंब कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर – 9262998529 या मीडिया सेल मोबाइल नंबर 9162388444 पर दें अथवा 112 पर कॉल करें। सूचना देनेवाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
