रांची: नगर निगम बोर्ड की बैठक शुक्रवार को रांची निगम सभागार में मेयर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में हुई। जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, जल संयोजन और प्रशासनिक सुधार से जुड़े कुल 17 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें अधिकांश को सर्वसम्मति से स्वीकृति मिल गई। बैठक में नगर प्रशासक सुशांत गौरव, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। इस दौरान बोर्ड ने स्पष्ट किया कि डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था को दुरुस्त करना पहली प्राथमिकता है।

झिरी डंपिंग यार्ड में अब प्रति ट्रिप 650 रुपये शुल्क

बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि कोई निजी प्रतिष्ठान या संस्था अपने ट्रैक्टर से झिरी डंपिंग यार्ड में कचरा गिराती है तो उससे प्रति ट्रिप 650 रुपये शुल्क वसूला जाएगा। साथ ही निगम क्षेत्र में पंजीकृत प्लंबरों के निबंधन एवं नवीकरण शुल्क निर्धारण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

डोर-टू-डोर कचरा उठाव में वैकल्पिक व्यवस्था

कई पार्षदों ने शिकायत रखी कि कई क्षेत्रों में कचरा गाड़ी नियमित नहीं पहुंच रही है। इस पर बोर्ड ने फैसला लिया कि ऐसे बड़े अपार्टमेंट, कॉम्प्लेक्स और संस्थानों जहां निगम की गाड़ी नहीं पहुंच पाती, वहां आवश्यकता पड़ने पर निजी वाहन से कचरा उठाव कराया जा सकेगा।

शहर में खुलेंगे 5-6 नए अंचल कार्यालय

नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही निगम की सेवाएं मिल सकें, इसके लिए शहर में 5 से 6 नए अंचल कार्यालय खोलने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। इसके अलावा जल संयोजन शुल्क निर्धारण और भुगतान प्रक्रिया, तथा चापाकल मरम्मत के लिए 4 टाटा एसीई वाहन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव भी पारित हुए।

जगरनाथपुर एमटीएस और बकरी बाजार शिफ्टिंग

हाईकोर्ट के निर्देश पर जगरनाथपुर एमटीएस के सामान को अन्यत्र शिफ्ट करने पर चर्चा हुई। इसी तरह बकरी बाजार क्षेत्र में रखे स्टोर और सामान को भी दूसरी जगह ले जाने की योजना है। इसके लिए बिरसा मुंडा प्रतिमा के सामने खाली जमीन के पीछे वाले हिस्से सहित अन्य वैकल्पिक स्थलों पर विचार चल रहा है।

मीट-मुर्गा दुकानों में शीशे का दरवाजा अनिवार्य

बोर्ड ने मीट और मुर्गा दुकानों में शीशे का दरवाजा लगाना अनिवार्य कर दिया है। वहीं पिस्का मोड़ चौक स्थित गुरुद्वारा के समीप श्री खंडा साहब स्थापित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली। निगम प्रशासन ने कहा कि स्वीकृत सभी प्रस्तावों को संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द जमीन पर उतारा जाएगा ताकि राजधानी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में ठोस सुधार दिखे।

By Admin

error: Content is protected !!