रांची: दुर्गा पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को रांची के विभिन्न बिजली फीडरों में मरम्मत, तकनीकी सुधार और पेड़ों की डालियों की छंटाई की जाएगी। इसके चलते शहर के कई हिस्सों में अलग-अलग समय पर बिजली बंद रहेगी। सीएम हाउस, राजभवन, हिंदपीढ़ी, मोरहाबादी, एयरपोर्ट रोड, हिनू और अपर बाजार समेत कई क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है।

हिंदपीढ़ी फीडर से जुड़े धोबी गली इलाके में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं, मोरहाबादी फीडर और विद्युत शक्ति उपकेंद्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक काम होगा। इस दौरान हरिहर सिंह रोड, न्यू मोरहाबादी, कुसुम विहार, टैगोर हिल रोड, बिरसा कॉलोनी और करम टोली में बिजली बाधित रह सकती है।

तुपुदाना सब स्टेशन के तहत हटिया, सिंह मोड़, बसारगढ़, सतरंजी, बालसिरिंग और तेतरी फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आपूर्ति प्रभावित होगी। एयरपोर्ट सब स्टेशन की लाइनों और ग्रिड में एबी स्विच की मरम्मत के कारण दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक एयरपोर्ट रोड, हिनू, हेथू, हुंडरू, मणि टोला और पीएचडी कॉलोनी में बिजली नहीं रहेगी।

सुबह से ही कई फीडरों में बंद रहेगी आपूर्ति

शहर के प्रमुख इलाकों में सुबह से बिजली कटौती शुरू हो जाएगी। शहीद चौक फीडर में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक, सीएम हाउस फीडर में सुबह 9 बजे से 10 बजे तक और अपर बाजार फीडर में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इन फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था रखनी पड़ सकती है।

राजभवन सब स्टेशन के 33 केवी फीडर को जोड़ने के काम के कारण सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे मैकी रोड, प्यादा टोली, महावीर चौक, श्रद्धानंद रोड, सेवा सदन, गांधी चौक, सुनार गली और टेलीफोन एक्सचेंज रोड प्रभावित होंगे।

दोपहर बाद निवारणपुर और मजिस्ट्रेट कॉलोनी में कटौती

अनंतपुर फीडर में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक पेड़ों की डालियों की छंटाई की जाएगी। इसके कारण निवारणपुर और मजिस्ट्रेट कॉलोनी में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।

बिजली विभाग की ओर से किए जा रहे इन कार्यों का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे बिजली कटौती के निर्धारित समय को ध्यान में रखकर पानी भरने, जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल और अन्य घरेलू कामों की पहले से योजना बना लें।