गिद्दी (हजारीबाग)। रामगढ़ और हजारीबाग जिले को जोड़ने वाले गिद्दी -भुरकंडा दामोदर नदी पुल पर मंगलवार को मरम्मती का काम शुरू हो गया। इसके मद्देनजर पुल से वाहनों का परिचालन पूरी तरह रोक दिया गया है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसकी मरम्मत का काम कराया जा रहा है।
मरम्मती कार्य को लेकर पुल के दोनों छोर को बांस से घेरकर रास्ता बंद कर दिया गया है। वहीं पुल के गिद्दी छोर पर सीसीएल के सुरक्षा कर्मी की तैनाती की गई है। फिलहाल पुल से छोटे-बड़े सभी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुल बंद होने से इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को फिलहाल परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि पुल की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई थी, जिसके बाद इसकी मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। जो दो दिन तक जारी रहेगा। उसके बाद पुल पर वाहनों का आवागमन बहाल कर दिया जायेगा। वहीं पुल के बंद होने के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की मरम्मती जरूरी थी। मरम्मत कार्य को जल्द पूरा कर पुल पर आवागमन बहाल किया जाए। जिससे हजारीबाग और रामगढ़ जिले के बीच आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिल सके।
