रांची: गिरीडीह में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी करप्शन ब्यूरो धनबाद की टीम ने बुधवार को गिरिडीह साइबर थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता जीवलाल मंडल ने ACB को बताया था कि गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 24/26 से जुड़े मामले में कोर्ट में केस डायरी भेजने के एवज में दारोगा पुनीत कुमार गौतम द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। जिसपर ACB ने मामले का सत्यापन करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।
योजना के तहत बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता जीवलाल मंडल ने साइबर थाना गेट के पास दारोगा को रिश्वत के 30 हजार रुपये सौंपे, पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी दारोगा को अपने साथ ले गई। जहां उससे पूछताछ कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।
