अनगड़ा/रांंची: झारखंड में इन दिनों भ्रष्टाचार चरम पर है। आए दिन सरकारी विभागों में घूसखोरी के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला अनगड़ा अंचल का है जहां एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने अंचल के उप राजस्व निरीक्षक कुलदीप साहू और अमीन प्रभु पाहन को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम दोनों को रांंची ले गई है।

मिली जानकारी के अनुसार राजाडेरा, अनगड़ा निवासी मनोज मुंडा की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने अभियान चलाया है।  बताया जाता है कि मनोज मुंडा ने बीते वर्ष सितंबर माह में अपनी जमीन, जिसका खाता संख्या-55, प्लॉट संख्या-1714, 1715, 1717. 1718 में कुल रकबा 26 एकड़ 52 डिसमिल जमीन को पंजी-टू में प्लॉट चढ़ाने के लिए अनगड़ा अंचल कार्यालय में ऑनलाईन करने के लिए आवेदन दिया था।

ऑन लाइन प्लॉट चढ़ाने के एवज में राजस्व उप निरक्षक कुलदीप साहू और अमीन प्रभु पाहन द्वारा बतौर घूस एक लाख रूपये की मांग की जा रही थी।  मामले की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामले को सत्यापन में सही पाते हुए मंगलवार को अभियान चलाया। अभियान के क्रम में घूस लेते दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अंचल के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप है।

By Admin

error: Content is protected !!