रांची: पुलिस ने रिंग रोड और फोरलेन पर रात में खड़े वाहनों से डीजल चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में उत्तरप्रदेश के रहनेवाले सात चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बुलंदशहर निवासी फरमान, मनोज कुमार पंडित, अभिषेक, मेहर निवासी वसीम, मेरठ निवासी मो. आमिर उर्फ मोनू, अलीगढ़ निवासी शहजाद खान और मेरठ निवासी आमिर शामिल हैं।

इस संबंध में पुलिस उप महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि बीते तीन जनवरी को दो ट्रकों से डीजल चोरी होने को लेकर पिंटू कुमार नामक व्यक्ति ने कांके थाना में प्राथमिक दर्ज कराई थी। कांड के उद्‌भेदन और अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम अमन कुमार पांडेय ने नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने अनुसंधान के क्रम में गिरोह के सात लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि अन्तर्राज्यीय गिरोह के द्वारा डीजल चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। जिसका संरक्षण रातु थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति के द्वारा किया जा रहा था। उक्त गिरोह का जाल झारखण्ड, बिहार, बंगाल एवं उड़ीसा में फैला हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों को चिह्नित कर उसकी गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है।

By Admin

error: Content is protected !!