रांची: झारखंड विधानसभा परिसर में शनिवार को झारखंड विधानसभा की 25वीं वर्षगांठ पर रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने की।
समारोह की विधिवत शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। कार्यक्रम में धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा को 21वें उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं राज्य के 16 शहीद जवानों के आश्रितों को भी सम्मानित किया गया।
अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि युवा झारखंड राज्य का 25वां वर्षगांठ है। राज्य के सृजन से लेकर अब तक यहां के लोगों ने राजनैतिक और सामाजिक आंदोलनों को देखा और समझा है। जिस तरह आजादी की लड़ाई में यहां के महिला-पुरुषों ने बलिदान दिया, उसी तरह अनगिनत लोगों ने राज्य के निर्माण और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के कार्य कर रही है। समय सीमा के अंदर कार्य पूरा करना अनिवार्य कर दिया गया है। काम समय पर पूरा नहीं होने पर पदाधिकारियों को दंडित करने का भी प्रावधान है। राज्य सोने की चिड़िया तभी बनेगा, जब यहां के साढ़े तीन करोड़ लोगों के चेहरे पर मुस्कान होगी और इसमें सबसे बड़ी भूमिका विधायिका की होगी।
