हजारीबाग: झारखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड रांची, जिला हजारीबाग के छह डेलिगेट्स (बैंक प्रतिनिधि) का निर्वाचन गुरुवार को संपन्न हुआ। सभी छह निर्वाचित डेलिगेट्स निर्विरोध निर्वाचित हुए।
हजारीबाग जिला सहकारिता पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी उमेश सिन्हा की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। बताया गया कि चुनाव में कुल 16 पैक्स/ साख सहयोग लिमिटेड प्रतिनिधियों ने नामांकन दाखिल किया था। स्क्रूटनी में दो नामांकन रद्द हो गये। बचे 14 उम्मीदवारों में से आठ लोगों ने नामांकन वापस ले लिया। इस तरह छह डेलिगेट्स निर्विरोध निर्वाचित हो गये।
चुनाव में हजारीबाग और रामगढ़ जिला के कुल 119 पैक्स प्रतिनिधियों द्वारा मतदान किया जाना था। उमेश सिन्हा ने सभी डेलिगेट्स को निर्वाचन के उपरांत प्रमाण पत्र दिया।
निर्वाचित डेलिगेट्स में चुटियारो पैक्स से अर्जुन सिंह, दुलमी पैक्स से विनय कुमार सिन्हा, गरसुल्ला पैक्स से रामविलास गोप, टुटकी पैक्स से ललिता देवी, वरसौत पैक्स से शकुंतला देवी एवं बिष्णुगढ़ व्यापार मंडल साख सहयोग लिमिटेड से रंजीत कुमार कुमार गुप्ता शामिल हैं।
बताया गया कि चुटियारो पैक्स से अर्जुन सिंह चेयरमैन हेतु अपना नामांकन राज्यस्तरीय चुनाव में करेंगे। जबकि गरसूला पैक्स अध्यक्ष रामविलास गोप निदेशक पार्षद हेतु राज्य स्तरीय चुनाव में भाग लेंगे।