पर्यावरण की सुरक्षा सबका दायित्व: अजय पासवान
रामगढ़: विश्व पर्यावरण दिवस पर भुरकुंडा पंचायत भवन में विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुखिया अजय पासवान और संचालन पंचायत सचिव सावित्री कुमारी ने किया। ग्राम सभा में उपस्थित लोगों को पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कचरा प्रबंधन पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया अजय पासवान ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा करना सभी का दायित्व है। धरती पर पेड़-पौधों की वजह से ही हम सभी का अस्तित्व है। इसलिए सभी लोग जिम्मेदारी समझते हुए पेड़-पौधे जरूर लगाएं और वातावरण को प्रदूषित होने से बचाएं। उन्होंने आगे कहा कि प्लास्टिक से काफी प्रदूषण बढ़ता है। इसकी वजह से जमीन बंजर हो रहे हैं और नदियां दूषित हो रही है। प्लास्टिक के कचरे का सही तरीके से प्रबंधन और रिसाइकलिंग ही सबसे बेहतर उपाय है। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें और वातावरण को स्वच्छ रखें।
वहीं पंचायत सचिव सावित्री कुमारी ने भी पर्यावरण के महत्व पर जानकारी साझा की और धन्यवाद ज्ञापन कर सभा का समापन किया। इसके उपरांत पंचायत भवन परिसर में पौधरोपण किया गया। मौके पर विजय सिंह, कामिनी कुमारी, अंजू देवी, सरिता कुमारी मुंडा, विजय कुमार, जबुल अंसारी, शिव कुमार, रीता कुमारी, शनिचरी देवी, ममता देवी, राजकिशोर सिंह, जीतू महतो, अनीता देवी, बेबी देवी, जयप्रकाश राम, भोला कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।
