प्रतिभा सम्मान समारोह होगा ऐतिहासिक : कुमेश्वर महतो

गिददी (हजारीबाग): झारखंड कुरमी महासभा का 11वां प्रतिभा सम्मान समारोह आगामी 12 जुलाई को रोयांग में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर लोयांग में बुधवार झारखंड कुरमी महासभा की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कुमेश्वर महतो और संचालन खेमलाल महतो ने किया। बैठक में सम्मान समारोह के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। बताया जाता है कि कार्यक्रम  डाड़ी प्रखंड क्षेत्र के रबोध पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोदवे रोयांग में सुबह 11 बजे से आरंभ होगा। जिसमें मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करनेवाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।

अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कुमेश्वर महतो ने कहा कि सामाजिक उत्थान के लिए छात्र-छात्राओं की प्रतिभाओं का सम्मान करना जरूरी है। संगठन प्रतिभा सम्मान समारोह के माध्यम से समाज के बच्चों को प्रोत्साहित करता रहा है। इससे न सिर्फ शिक्षा के प्रति उनकी रूचि बढ़ती है, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

वहीं महासभा के हजारीबाग जिलाध्यक्ष देवकी महतो ने कहा कि शिक्षा से ही समाज का नवनिर्माण संभव है। झारखंड कुरमी महासभा सामाजिक दायित्व निभाने और समाज को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिभाओं को सम्मानित करने से दूसरे बच्चों को भी परिश्रम करने की प्रेरणा मिलती है।

बैठक में हजारीबाग जिला उपाध्यक्ष लालधन महतो, सुदय कुमार महतो, रामटहल महतो, प्रदीप महतो, मंगलदेव महतो सहित अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!