पलामू : पुलिस ने अभियान चलाकर एक ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस को लातेहार की ओर से एक ट्रक पर गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। जिसपर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम का गठन कर सतबरवा थाना के निकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस क्रम में ट्रक (जेएच 01 एयू 1774) से बोरे में बंद लगभग 320 किलो गांजा बरामद किया गया। मामले में ट्रक चालक देवेंद्र सबर और उपचालक मनोज सेठी, दोनों संबलपुर, ओडिशा निवासी को गिरफ्तार कर लिया गया। गांजा ओडिशा से बिहार भेजा जा रहा था।
