गिरीडीह: मुफ्फस्सिल थाना पुलिस ने दो सप्ताह पूर्व गमहरा जंगल से बरामद महिला के शव के मामले का उद्भेदन कर दिया है। महिला से दुष्कर्म और हत्या के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपियों में दुर्गा पहरी निवासी कर्मा टुडू और पचरुखी निवासी भुतुलाल मरांडी शामिल है।
इस संबंध में गुरुवार को सदर एसडीपीओ अनिल कुमार और मुफ्फसिल थाना प्रभारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि लगभग दो सप्ताह पूर्व गमहरा जंगल में अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या की गई थी। मामले की छानबीन करते हुए पुलिस की महिला की पहचान की। मृतका भलवाई के मदनपुर की रहनेवाली थी।
वहीं टेक्निकल सेल के सहयोग से अनुसंधान करते हुए कांड को अंजाम देनेवाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को स्वीकारोक्ति बयान में कबूला कि दोनों ने काफी समय तक महिला से दोस्ती बढ़ाई। फिर बीते 18 अक्टूबर को महिला को घुमाने बदरकुप्पी हाट ले गए।
शाम होने पर लौटने के क्रम में दोनों महिला को जबरन गमहरा जंगल ले गए। जहां मारपीट करते हुए दोनों ने बलपूर्वक दुष्कर्म किया। वही महिला ने विरोध करते हुए इसकी जानकारी परिजनों को देने की बात कही। जिसपर दोनों आरोपियों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और भाग निकले। पुलिस आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और दो मोबाइल जब्त किया है।