हजारीबाग: कोर्रा थाना पुलिस को बाइक चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष छापेमारी कर शहरी क्षेत्र में बाइक चोरी और मोबाइल छिनतई करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की दो अपाची मोटरसाइकिल और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोरा थाना कांड संख्या 183/26 में चोरी हुई अपाची बाइक की बरामदगी के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। दल को गुप्त सूचना मिली कि हुरहुरू, थाना बड़ा बाजार निवासी अंशु कुमार भारती और उसका साथी शहर में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने अंशु कुमार भारती के हुरहुरू स्थित घर पर छापा मारा, जहां से चोरी के चार मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। उसकी निशानदेही पर उसके साथी दीपक कुमार, ग्राम गईपहाड़ी, थाना बरकट्टा निवासी के घर से एक बिना नंबर की अपाची बाइक और 03 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

दोनों ने शहर के विभिन्न इलाकों में बाइक और मोबाइल चोरी की घटना को स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पकड़ा गया मुख्य अभियुक्त अंशु का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर कोरा थाना में पहले से कांड संख्या 110/25 दर्ज है।