गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी बस्ती स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रक्षाबंधन के पूर्व गुरुवार को विविध रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से की गई। इसके उपरांत विद्यालय की बहनों ने परंपरा अनुसार सभी आचार्यों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनकी आरती उतारी और मिठाई खिलाई। इसके साथ ही आचार्यों ने सभी बहनों को स्नेहाशीष दिया। वहीं बहनों ने अपने सहपाठी भाइयों की भी कलाई पर राखी बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में बहनों के लिए 10-10 के समूह में राखी बनाओ, मिठाई बनाओ और मेहंदी लगाओ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। राखी बनाओ प्रतियोगिता में 08 समूहों, मिठाई बनाओ में 07 समूहों और मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता में 15 समूहों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समूहों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुरस्कृत किया गया।
अवसर पर प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मिश्रा ने रक्षाबंधन के पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान संदर्भ में इसकी उपयोगिता और सामाजिक समरसता में इसकी आवश्यकता को समझाया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी जी उपस्थित रहे।
