रांंची: भ्रष्टाचार के मामले में ईडी की छापेमारी के बाद विधायक अंबा प्रसाद अनर्गल बयानबाजी कर रही है। कहती हैं कि भाजपा और संघ के लोगों ने भाजपा से हजारीबाग और चतरा लोकसभा चुनाव लड़ने का उनपर दबाव बनाया था। अंबा प्रसाद को यह स्पष्ट करना चाहिए वे कौन लोग हैं। विधायक को उनलोगों के नाम उजागर करने चाहिए। झारखंड और बड़कागांव विधानसभा की जनता भी यह जानना चाहती है। यह बातें राज्ससभा सांसद सह प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। इस दौरान प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार और रामाकांत महतो भी मौजूद रहे। 

आदित्य साहू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि देश दुनिया के लोग जानते हैं कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस के समर्थन से झारखंड में झामुमो की सरकार चल रही है। राज्य में लूट मची हुई है। झामुमो के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद हैं।

आदित्य साहू ने कहा कि बड़़कागांव विधानसभा में 15 वर्षों से अंबा प्रसाद के परिवार के लोग प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। वहां बालू और कोयले की लूट मची हुई है। अवैध बालू लदे वाहन पकड़े जाने पर इनके गुर्गे थाने से जबरन छुड़ाकर ले जाते हैं। पतरातू में क्यूम अंसारी और जमील अंसारी की जमीन जबरन लूट ली गई है। किसी गरीब की जमीन लूटने का अधिकार आखिर इनको किसने दिया है। बड़कागांव में दिनदहाड़े कोयले और बालू की लूट मची हुई है। पुलिस-प्रशासन इनके सामने नतमस्तक है, कोई कुछ बोलनेवाला नहीं है। यह किसी से भी छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि नटीपीसी में भी कोयला, बालू और जमीन का गोरखधंधा हो रहा है। यह किसी से भी छिपा नहीं है।अब जब ईडी का छापा पड़ रहा है तो पर्दा डालने के लिए अनर्गल बयानबाजी की जा रही है।

By Admin

error: Content is protected !!