रांची: राजधानी में दशहरा की तैयारियों के बीच मोरहाबादी मैदान में 20 अक्टूबर को होने वाला रावण दहन समारोह चर्चा में है। पंजाबी हिंदू बिरादरी के इस आयोजन में 80 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया जाएगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों ने धार्मिक झांकियों से लेकर विशेष आतिशबाजी तक की व्यवस्था की है।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बदला, राज्यपाल ने दी सहमति
आयोजकों ने शुरुआत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को समारोह में आमंत्रित किया था। लेकिन उनकी माता रूपी सोरेन के निधन के बाद श्राद्ध कर्म से जुड़े कार्यक्रमों के चलते मुख्यमंत्री इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे। इसके बाद पंजाबी हिंदू बिरादरी ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से समारोह में आने का आग्रह किया। राज्यपाल ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और उनके शाम करीब पांच बजे पहुंचने का कार्यक्रम है।

हनुमान के चार स्वरूप और राम दरबार होंगे खास आकर्षण
इस बार समारोह में पारंपरिक रावण दहन के साथ धार्मिक प्रस्तुतियों को भी प्रमुखता दी गई है। बाहुबली हनुमान के चार स्वरूपों की झांकी और राम दरबार दर्शकों के सामने प्रस्तुत किए जाएंगे। मुंबई के कलाकार म्यूजिकल फायर शो पेश करेंगे। उत्तर प्रदेश से आने वाले गायक और कलाकार भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

संजय सेठ और महुआ माजी समेत कई अतिथियों को न्योता
आयोजन में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी और रांची के विधायक सी. पी. सिंह को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की व्यवस्था पंजाबी हिंदू बिरादरी और दशहरा समिति के पदाधिकारी देख रहे हैं। आयोजन से जुड़े प्रमुख लोगों में कुणाल अजमानी, राजेश मेहरा, राहुल माखन, सौरभ खन्ना, सुनील कालरा और हैप्पी किंगर शामिल हैं।

