रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत हेहल के मल्हार टोला में बुधवार को महिला पिंकी मल्हार (33 वर्ष) की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने पूर्व में हुए समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए मां छिन्नमस्तिका सिमेंट एंड स्टील फैक्ट्री के समक्ष शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान परिजनों ने घंटों मुख्य गेट जाम रखा।
परिजनों ने बताया कि स्थानीय बिरसा मल्हार की पत्नी पिंकी मल्हार काफी समय से बिमार चल रही थी। बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने के लिए प्रबंधन से एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की गई, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराया गया। किसी तरह वैकल्पिक व्यवस्था कर परिजन पिंकी मल्हार को अस्पताल ले जा रहे थे, इस क्रम में उसने दम तोड़ दिया। बताया गया कि वर्ष 2022 में फैक्ट्री प्रबंधन ने स्थानीय मल्हारों को सड़क, एंबुलेंस सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं देने के लिए एक समझौता किया था। बावजूद इसके प्रबंधन समझौते का जरा भी अनुपालन नहीं कर रही है। कहा गया कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होने से शायद पिंकी मल्हार की जान बच सकती थी। इसके अलावे मल्हार परिवारों को सड़क की सुविधा से भी वंचित रखा गया है।
फैक्ट्री गेट के समक्ष लोग मृतका के चार बच्चों के भरण-पोषण और शिक्षा के लिए मुआवजा की मांग करते रहें। वहीं मामले को लेकर पुलिस की मौजूदगी में प्रबंधन और स्थानीय लोगों के बीच वार्ता हुई। शाम तकरीबन 06:00 बजे तक सहमति नहीं बनी। जिसके बाद मुद्दे पर शुक्रवार को पुनः वार्ता करने के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव का उठाव कर जाम समाप्त कर दिया।
विरोध प्रदर्शन करनेवालों में पूनम देवी, बबिता देवी, मीना देवी, फुदा देवी, आरती देवी, चांदनी देवी, क्रांति देवी, मनी देवी, लीला देवी, लिपि देवी, गुनी देवी, अनीता देवी सहित अन्य शामिल थे।
