रामगढ़: बरकाकाना स्टेशन चौक पर सोमवार की देर रात अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रही एक महिला को चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार चैनगड्डा निवासी महेश्वरी देवी (55 वर्ष) पति स्व. शिबू उरांव गांव के कुछ लोगों के साथ बीते 14 फरवरी को कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गई थी।
इधर, वापस घर लौटने के क्रम में सोमवार की रात लगभग एक बजे महेश्वरी देवी इंटरसिटी एक्सप्रेस से बरकाकाना स्टेशन पर उतरी। यहां से चैनगड्डा जाने के लिए स्टेशन चौक पहुंची। इस दौरान सड़क पार करने के क्रम में अज्ञात वाहन ने महेश्वरी देवी को चपेट में ले लिया और भाग निकला। दुर्घटना की सूचना पर बरकाकाना ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जाता है कि महेश्वरी देवी का ससुराल रांची में है। पति के मृत्यु के बाद से वह अपने मायके चैनगड्डा में रह रही थी। मृतका अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार रांची उसके ससुराल में किया जाएगा। इधर, पुलिस दुर्घटना की जांच-पड़ताल में लगी हुई है।