पतरातू (रामगढ़): पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) के तत्वावधान में गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन 2026 के आयोजित कार्यशाला का बुधवार को समापन हुआ। आरण्य गेस्ट हाउस में देर शाम आयोजित समापन समारोह में ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और कौशल की झलक देखने को मिली।कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज और विशिष्ट अतिथि पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल, स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्ष रेनू सहगल और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा शामिल रहीं। समारोह की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद प्रतिभागी बालिकाओं ने नाटक, राजस्थानी लोकनृत्य, योग प्रदर्शन और अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। मंच पर छात्राओं का आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल देखकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने तालियों से सराहना की।

अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉलर दिव्यानी लिंडा को मिला प्रोत्साहन

पीवीयूएनएल ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर दिव्यानी लिंडा को उनके खेल को आगे बढ़ाने के लिए ₹2,40,000 की प्रायोजन राशि प्रदान की। यह राशि उनके प्रशिक्षण और खेल उपकरणों में सहायक होगी। वहीं कार्यक्रम के दौरान GEM-2026 पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। फिल्म में कार्यशाला के दौरान छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, सीखने की प्रक्रिया और आत्मविश्वास में उनमें आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया गया।

बालिकाओं के सशक्तिकरण से समाज की प्रगति संभव : उपायुक्त 

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उपायुक्त ऋतुराज  ने कहा कि गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक ठोस प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज मंच पर छात्राओं की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर यह स्पष्ट है कि अगर उन्हें सही अवसर मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। पीवीयूएनएल केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आसपास के गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

आत्मनिर्भर बन सपनों को साकार करें : सीईओ 

अवसर पर पीवीयूएनएल के सीईओ  ए.के. सहगल ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन के माध्यम से छात्राओं के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, जागरूकता और कौशल विकास के जरिए आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें। 

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

समारोह में पीवीयूएनएल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्वर्णरेखा महिला समिति की सदस्याएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे। अंत में सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

 

By Admin

error: Content is protected !!