भुरकुंडा (रामगढ़): भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत देवरिया गांव में मंगलवार की सुबह स्थानीय युवक का शव पेड़ पर रस्सी के फंदे से झूलता पाया गया। जिससे गांव सहित आसपास सनसनी फैल गई। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार विशाल मुंडा (18 वर्ष) रात तकरीबन 10 बजे घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा। सुबह गांव के निकट महुआ के पेड़ पर उसे रस्सी के फंदे से झूलता पाया गया। मामले की जानकारी पर पहुंची भदानीनगर पुलिस ने छानबीन करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि युवक के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है। जबकि उसकी मां अन्यत्र रहती है। युवक अपने दादा-दादी के पास रहता है। घटनास्थल से पुलिस ने एक मोबाइल और चाकू बरामद किया है। जांच पड़ताल में मोबाइल पर युवक द्वारा किसी युवती के साथ आख़िर बार किए चैट के साक्ष्य मिले हैं। संभावना जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग में युवक ने आत्महत्या की है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकती है।
