स्वास्थ्य चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर सचिव ने किया रामगढ़ का दौरा

रामगढ़: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य चिकित्सा और परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा आधारभूत संरचनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का विस्तृत निरीक्षण किया। दौरे के दौरान सदर अस्पताल में 250 अतिरिक्त बेड की क्षमता वाला नया जी+6 भवन बनाने और स्टाफ आवास को आधुनिक बनाने पर सहमति बनी।

अपर मुख्य सचिव ने सबसे पहले कांकेवार स्थित ट्रॉमा सेंटर भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया। आपात स्थिति में त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए ट्रॉमा सेंटर के मॉड्यूलर सिस्टम को अपग्रेड करने का निर्देश दिया। साथ ही ट्रॉमा सेंटर भवन के प्रथम तल पर अतिरिक्त निर्माण कराने की संभावना और जरूरतों पर चर्चा की गई। अभियंताओं को तकनीकी परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने और भविष्य की जरूरतों के अनुसार कार्य योजना बनाने को कहा गया।

इसके उपरांत अपर मुख्य सचिव ने सदर अस्पताल रामगढ़ का विस्तृत निरीक्षण किया। गायनेकोलॉजी ओपीडी, ईएनटी ओपीडी, नेत्र रोग ओपीडी, डेंटल ओपीडी सहित अन्य विभागों का अवलोकन कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल में साफ-सफाई, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर, स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट, डायलिस सेंटर, डॉक्टर क्वार्टर और स्टाफ क्वार्टर भी देखे गए। डॉक्टर और स्टाफ क्वार्टर की वर्तमान स्थिति देखने के बाद पुराने क्वार्टर हटाकर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 मंजिला आवासीय भवन बनाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं निरीक्षण के क्रम में अपर मुख्य सचिव ने उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के साथ सदर अस्पताल परिसर में 250 अतिरिक्त बेड की क्षमता वाले नए भवन के निर्माण पर विस्तृत चर्चा की। बताया गया कि भवन का निर्माण जी+6 यानी ग्राउंड प्लस छह मंजिला मॉडल पर किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव ने अभियंताओं को भवन निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने, सभी तकनीकी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने और भविष्य की स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखकर गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त बेड क्षमता विकसित होने से जिले के मरीजों को बेहतर और विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

दौरे के क्रम में अपर मुख्य सचिव ने सिविल सर्जन कार्यालय रामगढ़ का भी निरीक्षण किया। कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मौके पर उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी, अभियंता और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!