Kolkata Raid: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से संबंधित कई जगहों पर छापेमारी की है। सोमवार सुबह अभियान शुरू किया गया।जानकारी के अनुसार दिल्ली, कोलकाता और रांची में कुल सात ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई चल रही है। सूत्रों के मुताबिक कथित वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध लेन-देन के मामले में जांच की जा रही है।जांच एजेंसी की टीमें संबंधित परिसरों में वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं। 

तलाशी के दायरे में कोलकाता के पार्क सर्कस स्थित एक परिसर भी शामिल है, जहां से उर्दू समाचार पत्र ‘अखबार-ए-मशरिक’ का प्रकाशन होता है। सांसद नदीमुल हक लंबे समय तक पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं और इस अखबार के प्रकाशन से उनका संबंध रहा है। दिल्ली में साउथ एवेन्यू स्थित उनके आवास और कुछ अन्य कार्यालयों पर भी टीम पहुंची है। ED की ओर से अभी तक इस तलाशी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। तलाशी पूरी होने के बाद ही जब्त दस्तावेजों या अन्य सामग्री को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

बताते चलें कि नदीमुल हक 2012 में पहली बार राज्यसभा सांसद बने थे और 2018 और 2024 में दोबारा चुने गए। वह वर्तमान में वक्फ मामलों पर बनी संयुक्त संसदीय समिति सहित कई समितियों के सदस्य हैं।