लॉन्चर शिफ्टिंग के दौरान हुआ हादसा, दो मजदूर गंभीर 

बिहार: वैशाली में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे फोरलेन पुल पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। लालगंज थाना के जलालपुर सती स्थान के पास गंडक नदी पर बन रहे पुल का हैवी लॉन्चर शिफ्टिंग के दौरान भरभराकर गिर गया।लॉन्चर की चपेट में आने से 6 मजदूर घायल हो गए। घायलों को तत्काल लालगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। 

हादसे पर नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार यह हादसा  लॉन्चर शिफ्टिंग के दौरान हुआ है। पुल के मूल ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। जबकि सभी घायल मजदूरों का इलाज कराया जा रहा है। वहीं घटना को लेकर घायलों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण सुरक्षा मानकों की बात कह रहे हैं। प्रशासन घटना की पूरी जांच-पड़ताल में जुट गई है।