प्रधानमंत्री ने कहा – “ये राष्ट्र निर्माण का निमंत्रण है”

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 18वें रोजगार मेले में 61,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति से संबंधित पत्र वितरित किए। देश के 45 स्थानों पर एक साथ आयोजित इस मेले में चयनित अभ्यर्थी गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रेल मंत्रालय, डाक विभाग समेत कई मंत्रालयों में कार्यभार संभालेंगे।

रोजगार मेले को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर है। यह भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ‘संकल्प पत्र’ है”। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे रक्षा, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेंगे। प्रधानमंत्री ने नव-नियुक्त कर्मचारियों से आजीवन सीखने और नई तकनीकों, प्रणालियों व बदलती जरूरतों के अनुरूप निरंतर ढलने का आग्रह किया। 

उन्होंने बताया कि भारत दुनिया की एकमात्र बड़ी अर्थव्यवस्था है जिसने पिछले एक दशक में जीडीपी दोगुनी की है, और इसमें युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका रही है। आज देश में 2 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं जिनमें 21 लाख से ज्यादा युवा काम कर रहे हैं। उन्होंने iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म और कर्मयोगी प्रारंभ मॉड्यूल को दायित्वों को आत्मविश्वास से समझने और निभाने में सहायक शक्तिशाली उपकरण बताया और “नागरिक देवो भव” का मंत्र देते हुए युवाओं को खुद को लगातार अपग्रेड करने की सलाह दी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस रोजगार मेले में 8,000 से ज्यादा बेटियों को नियुक्ति पत्र मिले हैं। बीते 11 वर्षों में देश के वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी करीब दोगुनी हुई है, जबकि महिला स्वरोजगार की दर में 15% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में वही भावना और ऊर्जा है जिसके साथ भारत के युवा विश्व भर में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा, विकसित भारत का निर्माण उन युवाओं के प्रयासों से होगा जो अपने काम को राष्ट्र सेवा का साधन मानते हैं।

अपने संबोधन के समापन में प्रधानमंत्री ने कहा कि नव-नियुक्त पदाधिकारी भारत के विकास पथ को नई गति प्रदान करेंगे और उनके कार्यों से विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। उन्होंने सभी युवाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

बताते चलें कि 22 अक्टूबर 2022 को शुरू हुए रोजगार मेले के तहत अब तक देशभर में 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं। 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!