नई दिल्ली: केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘विकसित भारत- जी राम जी’ योजना के संचालन हेतु राज्यों को 25,863 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की। वर्चुअल रूप से हुई बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, कमलेश पासवान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अवसर पर उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2026 से यह योजना पूरे देश में सफलतापूर्वक शुरू हो गई है। मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण श्रमिकों को सम्मानजनक रोजगार मिले, 15 दिन के अंदर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित हो। योजना के पहले सप्ताह में ही बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों में काम शुरू हुआ और लाखों श्रमिकों को रोजगार भी मिला।
उन्होंने कहा कि कि योजना के तहत मजदूरी में औसतन 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। अब देश में कहीं भी मजदूरी 300 रुपये प्रतिदिन से कम नहीं होगी। 25,863 करोड़ की पहली किस्त इसी उद्देश्य से जारी की गई है ताकि श्रमिकों को समय पर भुगतान हो सके। शिवराज सिंह ने कहा कि सभी राज्य भी अपनी हिस्सेदारी समय पर जारी करें।
