रांची : उत्तराखंड टनल हादसे में बचे रांची जिले के तीन मजदूरों की घर वापसी पर ओरमांझी प्रखंड के खीराबेड़ा में स्वागत किया गया। अवसर पर बेदिया विकास परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष शंकर बेदिया, महासचिव रामफल बेदिया, सचिव अशोक राम बेदिया, सदस्य सह मुखिया रामधन बेदिया, अर्जुन बेदिया, पच्चु बेदिया सहित अन्य ने तीनों मजदूरों को शॉल ओढ़ाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
बताया गया कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन टनल हादसे में ओरमांझी प्रखंड के तीन मजदूर अनिल बेदिया, सुखराम बेदिया और राजेंद्र बेदिया सहित देश भर के कुल 41 मजदूर फंस गये। 17 दिनों बाद सभी मजदूरों को सकुशल बचा लिया गया।
अवसर पर बेदिया विकास परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष शंकर बेदिया ने कहा कि मजदूरों ने अपने आत्मबल और साहस से 17 दिनों तक संघर्ष किया और मौत को मात देकर लौट आए हैं। मेहनतकश किसान-मजदूर ही हमारी असली शान हैं। देश की उन्नति और विकास में इनका योगदान सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि बड़ी चुनौती पार कर लौटनेवाले तीनों श्रमिकों के परिजनों को खाद्य सामग्री का सहयोग दिया जाएगा। उनके लौटने की खुशी में हम सभी शामिल हैं। शंकर बेदिया ने मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को बेदिया समाज की ओर से बधाई देते हुए आभार जताया है।