Larvicidal medicine sprayed around the houses of dengue infected patients in Dhanbad

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी वरुण रंजन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू संक्रमित मरीज के घर के आसपास कन्टेनर सर्वे, लार्वानाशी दवा का छिड़काव सहित अन्य कदम उठाए हैं।

इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ चंद्रभानू प्रतापन तथा वीबीडी सलाहकार  रमेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को जिला मुख्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर से टीम गठित कर झरिया-सह-जोरापोखर के लोदना एवं अन्य क्षेत्रों में जहां डेंगू धनात्मक रोगी पाये गये हैं, के घर के आस-पास कुल 76 घरों में कन्टेनर सर्वे कर लार्वानाशी दवा का छिड़काव किया गया। साथ ही जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत हैण्डबिल का वितरण किया गया।

वहीं शिवलीबाड़ी के डेंगू धनात्मक रोगी के घर के पास कुल 40 घरों में कन्टेनर सर्वे किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धनबाद अन्तर्गत बिनोद नगर में जिला स्तरीय दो दल के द्वारा कुल 72 घरों में कन्टेनर सर्वे और लार्वानाशी दवा का छिड़काव किया गया। इन जगहों पर शनिवार को कोई बुखार पीड़ित मरीज नहीं पाया गया है। वहीं एसएनएमएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से कोई धनात्मक डेंगू/चिकुनगुनिया के रोगी की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।