बड़कागांव (हजारीबाग): कर्णपुरा महाविद्यालय बड़कागांव में शनिवार को उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार की संभावनाएं विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। अध्यक्षता डॉ. निरंजन प्रसाद नीरज ने की। अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. निरंजन प्रसाद नीरज ने कहा कि उद्यमिता और स्वरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के महत्वपूर्ण विकल्प हैं। युवाओं को केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रो. रामकिशोर प्रसाद दांगी ने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी के बजाय छोटे व्यवसाय और स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों की स्थापना पर सोचना चाहिए, जिससे वे दूसरों को भी रोजगार दे सकें।
डॉ. सनवीर कुमार ने कृषि आधारित उद्योगों, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों में स्वरोजगार की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। डॉ. सुरेश महतो ने कहा कि डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन सेवाएं रोजगार के उभरते क्षेत्र हैं, जहां तकनीकी ज्ञान से युवा नए अवसर पा सकते हैं।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. नीरज ने शिक्षा को व्यावहारिक कौशल से जोड़ने पर जोर दिया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. फजुरुद्दीन अहमद ने किया। राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।
मौके पर प्रो. लालदेव महतो, प्रो. नरेश कुमार दांगी, डॉ. पवन कुमार, डॉ. अनु कुमारी, प्रो. ऋतुराज दास, डॉ. रंजीत प्रसाद, डॉ. ललिता कुमारी, डॉ. दिव्या शालू, प्रो. काजल व सीएससी संचालक मो. कामिल सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

