कृषि अधारित शिक्षा में हो सुधार, खोले जाएं नये संस्थान : अभाविप
नई दिल्ली: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्री याज्ञवल्क्य शुक्ल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा। जिसके माध्यम से ज्ञापन में कृषि शिक्षा में सुधार हेतु नए शैक्षणिक संस्थान खोलने, वर्तमान के विभिन्न कृषि शिक्षा संस्थानों के बुनियादी ढांचे में सुधार करने की मांग रखी गई।
इस संबंध में याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा है कि देश का कृषि क्षेत्र बड़ी आबादी की आजीविका का साधन है। देश में कृषि शिक्षा में शीघ्रता से सुधार, कृषि शिक्षा के लिए सभी राज्यों में उच्च गुणवत्तायुक्त शैक्षणिक संस्थानों के निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया है। आशा है कि भारत सरकार तथा राज्य सरकारें कृषि शिक्षा तथा कृषि से संबंधित विषयों पर शीघ्रता से सुधारात्मक प्रयास करेगी।
वहीं अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री शिवांगी खरवाल ने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार कृषि एवं इससे संबंधित उप-क्षेत्रों जैसे बागवानी, डेयरी प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि इंजीनियरिंग, रेशम उत्पादन आदि विषयों के पाठ्यक्रम को विभिन्न मातृभाषा में अनुवाद करने हेतु विषय विशेषज्ञों की समितियों को त्वरित गठन करने की आवश्यकता है।
प्रतिनिधिमंडल में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल, राष्ट्रीय मंत्री वीरेन्द्र सोलंकी, राहुल राणा, बुद्धदेव बाघ, शिवांगी खरवाल, शालिनी वर्मा, अंकित शुक्ल, श्रवण बी राज, अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार डेढ़ा शामिल रहे।