रामगढ़: हजारीबाग रेंज के डीआईजी सुनील भास्कर शुक्रवार को रामगढ़ पहुंचे। जहां उन्होंने रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय भवन में अभिलेखों का क्रमवार निरीक्षण किया। इससे पूर्व उनके आगमन पर उनके आगमन पर जिला पुलिस बल के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
वहीं रामगढ़ एसपी अजय कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में डीआईजी ने लंबित कांडों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी करने और संदिग्धों पर निगाह रखने का निर्देश दिया। साथ ही कोयला और लोहा के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए फरियादियों से उचित व्यवहार और आवेदनों पर यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
मौके पर डीएसपी मुख्यालय चंदन वत्स, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार वर्णवाल, पुलिस उपाधीक्षक (प्र.) फौजान अहमद, रामगढ़ और गोला पुलिस निरीक्षक सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।