अनियमितता पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को शो-कॉज किया
साहिबगंज: उपायुक्त हेमंत सती ने गुरुवार को श्रम विभाग, खाद्य निरीक्षक कार्यालय औल सिविल सर्जन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने कई अनियमितताएं पाई। जिसपर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
खाद्य निरीक्षक कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अनियमितता पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि खाद्य सुरक्षा की जांच पारदर्शी तरीके हो। साथ ही बाजारों में नियमित निरीक्षण हो और मिलावटी उत्पादों के संबंध में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं सिविल सर्जन कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों के संधारण में गड़बड़ी मिलने पर उपायुक्त ने संबंधित प्रधान लिपिक का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया और स्पष्टीकरण भी तलब किया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन तक पारदर्शिता और सुचारू रूप से पहुंचे।