काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे थे अपराधी, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी

हजारीबाग: बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कागांव मुख्य चौक पर गुरुवार की शाम काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे अपराधियों ने दो युवकों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो से चार-पांच की संख्या में बड़कागांव चौक पहुंचे अपराधियों ने पिपराडीह निवासी ललन गोप (18 वर्ष) पिता अर्जुन गोप और चंदन गोप (23 वर्ष) पिता उमेश गोप से हाथापाई करते हुए चाकू मार दिया। इससे पहले आसपास के लोग कुछ समझ पाते सभी अपराधी भाग निकले।

वहीं मामले की जानकारी पर बड़कागांव थाना प्रभारी नमेधारी रजक सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने घायल चंदन गोप से मामले की पूरी जानकारी ली। चंदन गोप ने पुलिस को बताया कि सभी चारों युवक रेवाली के रहनेवाले हैं। उसने बताया कि वह बीते एक वर्ष से बरही के एक व्यक्ति रविंद्र यादव का 16 चक्का ट्रक चला रहा था। वाहन मालिक से बकाया पैसा मांगने पर घटना को अंजाम दिया गया है। 

घटना में ललन गोप के बायीं छाती में पसलियों के बीच चाकू लगा है। जबकि चंदन गोप की पीठ में चाकू मारा गया है। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल युवकों को बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार कर युवकों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन और अपराधियों की धर-पकड़ में जुट गई है।

 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!