रामगढ़: भुरकुंडा ओपी अंतर्गत न्यू बैरेक कॉलोनी में शुक्रवार की रात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर गहने और 45 हजार नकद रुपए की चोरी कर ली। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय विद्यावती सिंह पति स्व. बलराम सिंह बीते 23 फरवरी से पटना गई थी। जिसके बाद से घर में ताला लगा हुआ था।
इधर शनिवार की सुबह उनके घर का ताला टूटा पाया गया। चोरी की जानकारी पर भुरकुंडा पंचायत के मुखिया अजय पासवान सहित आसपास के लोग आवास पर जुट गए। विद्यावती सिंह के आवास के बगल में रहनेवाले उनके देवर जयराम सिंह ने उन्हें फोन कर घर में चोरी होने जानकारी दी। वहीं मामले की सूचना पर भुरकुंडा पुलिस आवास पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
वहीं शनिवार की शाम विद्यावती सिंह पटना से भुरकुंडा पहुंची। अपने आवेदन में उन्होंने कहा है कि घर के मेन गेट का ताला तोड़कर चोर घर में प्रवेश कर गए। घर के दो कमरों का ताला तोड़ा गया है। कमरे में दो अलमारी और दो बॉक्स का ताला तोड़कर चोर सोने और चांदी के कई गहने समेत 45 हजार रुपए चुरा ले गए हैं।