चतरा/रांची: चतरा जिले में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देशी कट्टा, एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुनसान सड़कों पर हथियार का भय दिखाकर लोगों से लूटपाट करते थे।

शनिवार को सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सदर थाना क्षेत्र के लुटू और बरैनी इलाके में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के मेदवाडीह गांव निवासी मुकेश कुमार (पिता तोखलाल यादव), भौरूडीह गांव निवासी नीतीश कुमार (पिता लखन यादव) और मदारपुर गांव निवासी अभिषेक कुमार (पिता चंद्रिका यादव) के रूप में हुई है।

एसडीपीओ के मुताबिक, गिरफ्तार नीतीश कुमार और मुकेश कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। नीतीश के खिलाफ वर्ष 2025 में सदर थाना में मामला दर्ज है। वहीं, मुकेश कुमार के खिलाफ कुंदा, प्रतापपुर, लावालौंग और मनातू थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।

इस मामले में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

छापामारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार, कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, एसआई राहुल सिंह, सुनील सिंह, पांडेयपुरा पिकेट प्रभारी सुनील दुबे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।