राजभाषा संकल्प समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ने दिलायी राजभाषा की शपथ
धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सोमवार को राजभाषा पखवाड़ा 2025 का शुभारंभ हुआ। अवसर पर राजभाषा संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र द्वारा समारोह में धनबाद मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों को राजभाषा शपथ दिलायी गयी।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि हम भारत के नागरिक, संविधान द्वारा स्थापित नियमों के अनुरूप, संप्रभुता संपन्न भारत संघ की भाषायी एकता को बनाये रखेंगे तथा जाति, धर्म और प्रांतीयता की भावना से ऊपर उठकर अपना सारा काम-काज हिंदी में करें । अवसर पर मंडल के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
बताया जाता है कि 15.09.25 से 26.09.25 तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2025 के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिनमें हिंदी निबंध लेखन, टिप्पण-प्रारूप लेखन, राजभाषा क्विज तथा हिंदी वाक् प्रतियोगिता सम्मिलित होंगी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कुल 06 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार तथा तीन प्रेरणा पुरस्कार शामिल होंगे।