रामगढ़: 15 दिसंबर से शुरू धान अधिप्राप्ति को लेकर मंगलवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने समाहरणालय परिसर से चार जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो से जागरूकता वाहनों के रोस्टर आदि की जानकारी लेते हुए वाहन के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा किसानों को बिचौलियों से सावधान रहकर धान अधिप्राप्ति केंद्र पर ही अपने धान की बिक्री करने हेतु जागरूक करने का निर्देश दिया।
बताते चलें कि धान अधिप्राप्ति के तहत जिले के 22 पैक्स केन्द्रों पर किसान अपने धान की बिक्री कर सकते है। इस बार पैक्स अध्यक्ष, किसान के साथ साथ जनसेवकों का भी ई पॉस मशीन मे बायोमेट्रिक लिया जा रहा है। साथ ही धान उठाव करने वाले मिलर जब पैक्स में जाएंगे तब उनका भी सत्यापन मशीन मे कराया जाएगा ताकि जितना धान पैक्स से उठाव कर मिल ले जाया गया उसकी मात्रा में गड़बड़ी न हो। धान अधिप्राप्ति केंद्र पर धान की बिक्री के पूर्व किसानों को ई उपार्जन पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। धान बिक्री के 7 दिनों के अंदर किसानों को बोनस सहित 2450 रुपए प्रति क्विंटल की दर से राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता कुमारी गीतांजली, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविन्द्र कुमार गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।
