रामगढ़: जवाहर नगर में बीते 23 अक्टूबर को आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में दूसरे पक्ष ने मंगलवार को डीसी और एसपी को आवेदन दिया। जिसमें कार्यक्रम में बाधा पहुंचाने और उपद्रव करने की शिकायत की गई है। आवेदन में बताया गया है कि 23 अक्टूबर की रात दुर्गा पूजा के अवसर पर सांस्कृतिक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में जवाहर नगर आसपास के सैकड़ों महिला-पुरुष मौजूद थे।

आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे जवाहर नगर निवासी सुनील गोस्वामी पिता सूरज गोस्वामी और विशाल रजवार पिता स्व. वीरेन रजवार सहित अन्य युवक स्टेज के सामने पहुंचे और कार्यक्रम बंद करवाने की बात कहकर हंगामा करने लगे। माहौल खराब होता देख कमेटी ने कार्यक्रम बंद करवा दिया।

आवेदन में कहा गया है कि इसके बाद भी युवकों का हंगामा जारी रहा। आरोप है कि युवकों ने पंडाल का बांस-बल्ली उखाड़ना शुरू कर दिया। इसी बीच भुरकुंडा पुलिस के जवानों ने शांत कराने का प्रयास किया तो युवक पुलिस से भी उलझ गए। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। पुलिस एक युवक सुनील गोस्वामी को पकड़कर थाना ले गई।

आयोजक पक्ष ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने और शांतिपूर्ण आयोजन में बाधा डालने वालों पर रोक लगाने की मांग की है।

 

फोटो – 23 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम की तस्वीर